Hamara Hathras

Latest News

कासगंज/हाथरस 06 जून । कासगंज जनपद की कोतवाली कासगंज क्षेत्र स्थित नदरई की हजारा नहर में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहर में नहाने गए तीन युवकों में से दो सगे भाई गहरे पानी में डूब गए, जबकि एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और पीएसी की फ्लड यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई और लापता युवकों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार सिकंदराराऊ तहसील के गांव टिकरी नगला निवासी छोटू, अजय और उनका साथी सुमित नदरई नहर में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान तीनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए। इस दौरान सुमित ने किसी तरह अपनी जान बचाकर नहर से बाहर निकलने में सफलता हासिल कर ली, जबकि छोटू और अजय पानी के तेज बहाव में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस एवं राहत टीमों द्वारा नहर में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका था। बताया गया है कि नहर में डूबे छोटू की शादी इसी वर्ष 20 फरवरी को एटा जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र के लोधामई गांव निवासी तान्या के साथ हुई थी। वह ड्राइविंग का कार्य करता था, जबकि उसका भाई अजय खेती-किसानी से जुड़ा हुआ था। दोनों भाइयों के पिता डालचंद्र का पहले ही निधन हो चुका है। घटना के बाद परिवार में शोक और चिंता का माहौल है। मौके पर क्षेत्राधिकारी आँचल चौहान एवं इंस्पेक्टर प्रवेश राणा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और राहत एवं खोजबीन कार्यों की निगरानी करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page