
हाथरस 05 जून । जिले के नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वेद प्रकाश ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। चार्ज लेते ही वह एक्शन में नजर आए और उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए। शुक्रवार सुबह 10 बजे डा. वेद प्रकाश कार्यालय पहुंचे और चार्ज ग्रहण करने की औपचारिकता पूरी की। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने उनसे एक-एक कर मुलाकात कर बुके देकर स्वागत किया। सीएमओ ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके द्वारा देखे जा रहे कार्यों की जानकारी ली। दोपहर में डा. वेद प्रकाश ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सीएचसी पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार रखा जाए और उन्हें समय पर समुचित इलाज मुहैया कराया जाए। उन्होंने लापरवाही न बरतने और नियमित रूप से केंद्रों की मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसीएमओ डा. राजीव राय, एसीएमओ डा. राजीव गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डा. एमआई आलम, डिप्टी सीएमओ डा. प्रवीण भारती, सभी सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






