सिकंदराराऊ 05 जून । क्षेत्र के ग्राम निहालपुर अगसौली चौराहा निवासी और शिक्षा जगत की दो प्रख्यात विभूतियां अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनपद व देश का नाम रोशन करने जा रही हैं। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जलेसर (एटा) के प्राचार्य डॉ. ओमकार एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम (असिस्टेंट प्रोफेसर, संस्कृत विभाग, बी.डी.एम.म्यू. गर्ल्स डिग्री कॉलेज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद) आगामी 7 जून 2026 को हांगकांग में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में प्रतिभाग करेंगे। यह अंतर्राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी संयुक्त रूप से हांगकांग की संस्था ‘साइंस टुगेदर इन फॉर्मेशन’ तथा ‘साहित्य संचय शोध संवाद फाउंडेशन’ नई दिल्ली, भारत द्वारा आयोजित कराई जा रही है। इस संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘वैश्विक विकास में संस्कृति एवं विज्ञान की भूमिका’ रखा गया है, जिसमें हांगकांग के कई गणमान्य प्रोफेसर भी हिस्सा लेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में प्राचार्य डॉ. ओमकार ‘भारतीय संस्कृति में विश्वशांति की अवधारणा’ नामक शीर्षक से अपना शोध पत्र वाचन कर भारतीय संस्कृति का पक्ष रखेंगे। वहीं, डॉ. नीलम के शोध पत्र का शीर्षक ‘वैश्वीकरण एवं भारतीय संस्कृति’ रहेगा। इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान शोध संगोष्ठी में डॉ. नीलम की सुप्रसिद्ध पुस्तक ‘थेरगाथा एवं थेरीगाथा एक आलोचनात्मक अध्ययन’ का भव्य विमोचन होगा। इसके साथ ही, डॉ. ओमकार एवं डॉ. नीलम की एक संयुक्त काव्य रचना ‘जीवन शतक’ का भी विमोचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, हांगकांग में 8 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में यह दंपत्ति काव्य पाठ भी करेंगे। यह विशेष शैक्षणिक यात्रा कुल 5 दिवसीय (3 जून से 8 जून तक) रहेगी। क्षेत्र के दो विद्वानों के अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चयन होने से जनपद के साहित्यकारों और शिक्षाविदों में हर्ष की लहर है। इन्हें बधाई व शुभकामनाएं देने वालों में मुख्य रूप से महेश यादव ‘संघर्षी’, डॉक्टर गंगा सिंह, हरी सिंह यादव, साधना सिंह, शायर आतिश सोलंकी, कवि मनोज मंजुल, गीतकार डॉ. अजय अटल, कवि संजीव सरगम, वीरपाल सिंह यादव, राकेश यादव, योगेन्द्र राजपूत, डॉ. सुरेश चन्द्र, डॉ. संजय कुमार, डॉ. राहुल कुमार, भूपेन्द्र यादव, हाजी यादव, दिवाकर यादव, यशपाल यादव, नेत्रपाल सिंह यादव, संजीव यादव, हसरुद्दीन शाह, जाकिर भारती, हास्य कवि पंकज पंडा, कवि रवीश रवि, प्रदीप हिन्दुस्तानी, कुमार शिव संभव आदि शामिल हैं।





















