
हाथरस 02 जून । थाना हाथरस गेट क्षेत्र में एक वृद्धा के साथ दुष्कर्म किए जाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं पीड़िता का उपचार अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार हाथरस गेट क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक वृद्धा कई वर्षों से किराए के मकान में अकेली रह रही थी। परिवार का कोई सदस्य साथ नहीं होने के कारण पड़ोसी ही उनकी देखभाल करते थे। वृद्धा के पास क्षेत्र में एक छोटा भूखंड भी बताया जा रहा है। सोमवार सुबह क्षेत्र की एक महिला द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां वृद्धा घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पूछताछ के दौरान वृद्धा ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने रात के समय घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में पड़ोस की एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर थाना हाथरस गेट पुलिस ने आरोपी सलमान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का उपचार जारी है तथा मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।
























