
सासनी 02 जून । कोतवाली क्षेत्र के गांव नया नगला में आज को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 25 वर्षीय युवक ने खेत पर पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार मुनेश (25 वर्ष) पुत्र गिर्राज सिंह, निवासी नया नगला, मंगलवार को अपने खेत पर गया था। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय उसने खेत में खड़े एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब आसपास के लोगों और परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही सासनी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक द्वारा यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

























