हाथरस (मुरसान) 01 जून । क्षेत्र के नए हाईवे पर गांव बगुली के निकट सोमवार की सुबह तड़के एक दूध से भरा एक कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गई, हालांकि चालक को गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। मदन नाथ पुत्र दीनानाथ निवासी बीकानेर दूध से भरा कैंटर लेकर मथुरा की ओर से हाथरस जा रहे थे। सोमवार सुबह जब उनका वाहन गांव बगुली के निकट नए हाईवे पर पहुंचा, तभी चालक को अचानक नींद लग गई, जिससे अचानक कैंटर का संतुलन बिगड़ गया। चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन कैंटर सड़क से नीचे उतरकर खेत में जाकर पलट गया। कैंटर सड़क से काफी नीचे खेत में पलटा, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। हादसे के दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और चालक की कुशलक्षेम पूछी। घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची, लेकिन चालक को गंभीर चोट न होने के कारण राहत की सांस ली गई।
























