Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 मई । शहर के घंटाघर क्षेत्र स्थित सींकनापान गली निवासी एक गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से अज्ञात व्यक्ति देर रात दूर से गली में शराब की बोतलें फेंक देते हैं, जो सड़क पर गिरकर टूट जाती हैं और पूरे क्षेत्र में कांच के टुकड़े फैल जाते हैं। निवासियों के अनुसार यह घटना अब लगभग रोजाना होने लगी है। रात के समय होने वाली इस हरकत से गली में रहने वाले लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। टूटे हुए कांच के कारण बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को कई बार चोटें भी लग चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पुलिस से शिकायत की जा चुकी है तथा आपातकालीन हेल्पलाइन पर भी अनेक बार सूचना दी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें स्वयं आरोपियों की पहचान करने की बात कही और सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी। हालांकि क्षेत्रवासियों का कहना है कि घटनाएं देर रात अंधेरे में होती हैं और बोतलें दूर से फेंकी जाती हैं, ऐसे में केवल सीसीटीवी कैमरे लगाना समस्या का पूर्ण समाधान नहीं है। उनका कहना है कि दो वर्षों से लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद न तो आरोपियों की पहचान हो सकी है और न ही कोई प्रभावी जांच की गई है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने, गश्त बढ़ाने और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page