
हाथरस 31 मई । हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के बेरगांव में रविवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर लगाए जा रहे एक बोर्ड को लेकर विवाद हो गया। चौकी प्रभारी संजीव कुमार द्वारा बोर्ड गिराए जाने के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
ग्रामीण अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के उपलक्ष्य में गांव में बोर्ड स्थापित कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने शिकायत की कि बोर्ड रास्ते के बीच में लगाया जा रहा है, जिससे आवागमन में बाधा होगी। शिकायत मिलने पर पोरा चौकी प्रभारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही चौकी प्रभारी ने बिना किसी से बातचीत किए बोर्ड को अपने हाथों से गिरा दिया। इस पर ग्रामीण भड़क गए और चौकी प्रभारी से तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते वहां हंगामा खड़ा हो गया और पुलिस व ग्रामीणों के बीच बहस तेज हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि चौकी प्रभारी के इस कृत्य से मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
विवाद के दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें चौकी प्रभारी बोर्ड को गिराते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। वीडियो प्रसारित होने के बाद समाज के लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और पुनः बोर्ड स्थापित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि यह बोर्ड समाज के ही एक व्यक्ति ने अपनी निजी जमीन पर लगवाया था, न कि सरकारी रास्ते पर। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का अपमान करने का आरोप लगाया। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचते ही पुलिस महकमा हरकत में आया। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित दारोगा संजीव कुमार को निलंबित कर दिया। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति है और पुलिस बल तैनात किया गया है।























