
हाथरस 31 मई । कोतवाली सदर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों द्वारा एक युवक पर डंडा और सरिया से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में युवक के चेहरे, जबड़े और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवीपुर कला दारू कोटा मोहल्ला निवासी लोकेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी दुकान बंद कर नंदन वन कॉलोनी से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में नवीपुर कला निवासी धीरू उर्फ धीरज और शिवा अपने दो अन्य साथियों के साथ मिल गए। पीड़ित का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों आरोपियों ने डंडा और सरिया से हमला कर दिया। हमले में लोकेश के मुंह, जबड़े और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली सदर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।























