सिकंदराराऊ (हसायन) 31 मई । मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप रविवार को भी मौसम ने करवट ली। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन दोपहर करीब चार बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों की चिंताएं बढ़ गईं। बारिश के चलते कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रही। पिछले चार दिनों से लगातार हो रहे मौसम परिवर्तन के क्रम में रविवार को आसमान पर काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली लाइनों के ऊपर झूलती दिखाई दीं। बारिश शुरू होते ही विद्युत विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति बंद कर दी। पिछले चार दिनों से लगातार आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र के कई फीडरों से जुड़ी विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर जायद सीजन की फसलों पर भी बारिश का असर दिखाई दिया। खेतों में तैयार खड़ी मूंग, मक्का, उर्द, बाजरा, तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, कद्दू और करेला जैसी फसलें भीगने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर टीनशेड और अस्थायी ढांचे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ों की शाखाएं टूटने से आवागमन प्रभावित होने की भी खबरें हैं। रविवार को मौसम परिवर्तन के दौरान लोगों के मोबाइल फोन पर मौसम विभाग की ओर से तेज आंधी और बारिश का अलर्ट भी प्राप्त हुआ। सायरन जैसी ध्वनि वाले इस अलर्ट संदेश ने लोगों को सतर्क कर दिया। हालांकि मौसम में आई नरमी से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने किसानों और बिजली उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ा दी हैं।





















