Hamara Hathras

Latest News


हाथरस 30 मई । हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौं गांव के पास शुक्रवार रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, वाहनपुर गांव निवासी राजेश खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार रात वह किसी कार्य से अपने गांव वाहनपुर से महौं गांव की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान महौं गांव के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। राजेश की मौत की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। बताया गया है कि मृतक राजेश अपने पीछे छह छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page