
हाथरस 29 मई । कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला कंचन नगर निवासी 22 वर्षीय कृष्णा पुत्र वीरेंद्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। गुरुवार देर रात पेट में तेज दर्द की शिकायत होने पर पत्नी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना दिए जाने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि युवक ने कोई जहरीला पदार्थ तो नहीं खाया था या वह किसी बीमारी से पीड़ित था। पुलिस ने निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।





















