Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 29 मई । उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह गुरुवार को लखनऊ जाते समय जीटी रोड स्थित अपने पुराने सहयोगी एवं पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने मंत्री का पटका पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अलीगढ़ केसरी स्वर्गीय ठाकुर मलखान सिंह की प्रतिमा का लोकार्पण क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। ईद-उल-अजहा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था एवं नमाज को लेकर मंत्री ने कहा कि कुछ विपक्षी दल, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस, तुष्टिकरण की राजनीति के तहत भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा सरकार सभी धर्मों एवं समुदायों को अपने पर्व एवं त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की पूरी स्वतंत्रता देती है। मंत्री ने कहा कि जनसुविधा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा निर्देश दिए गए थे कि नमाज एवं अन्य धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थलों पर ही आयोजित किए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में ईद का पर्व शासन की गाइडलाइन के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान अशोक जादौन, जयपाल सिंह चौहान, सुनील गुप्ता, वीरेंद्र शर्मा, भोलू भैया सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page