Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 28 मई । क्षेत्र के गांव नगला छीतर में पांच युवकों ने वृंदावन के एक होटल में काम कराने के बाद मजदूरी न देने और विरोध करने पर धमकाने का आरोप लगाया है। युवकों ने बरामई गांव के युवक के खिलाफ सादाबाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता विवेक कुमार पुत्र सर्वेश कुमार ने बताया कि वह अपने गांव के दिनेश कुमार, विपिन कुमार, गुलशन और अंकित के साथ वृंदावन के एक होटल में काम करने गए थे। आरोप है कि बरामई गांव का एक युवक उन्हें प्रतिदिन प्रति व्यक्ति 800 रुपये मजदूरी देने का वादा करके ले गया था। पीड़ितों के अनुसार, उनसे होटल में डबल शिफ्ट में काम कराया गया। वृंदावन जाने के लिए टेंपो का किराया भी उन्हीं से लिया गया। कई दिनों तक काम करने के बाद जब उन्होंने अपनी मजदूरी मांगी, तो आरोपी युवक टालमटोल करने लगा और भुगतान नहीं किया। मजदूरी न मिलने पर सभी युवक काम छोड़कर अपने गांव लौट आए। बाद में जब वे आरोपी युवक के गांव पहुंचे और उसके पिता से बात की, तो उन्होंने जल्द भुगतान का आश्वासन दिया। इसी बीच, आरोपी युवक को मामले की जानकारी हुई, तो उसने फोन पर गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। अपराध निरीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page