
हाथरस 27 मई । आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुधवार को संयुक्त रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मोहल्ला मधुगढ़ी, इगलास चौराहा, मुख्य बाजारों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का एहसास कराया। साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बकरीद को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ एवं बाजार क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की गहन चेकिंग कराई जाए। महिलाओं की अधिक उपस्थिति वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस कर्मियों की नियमित पेट्रोलिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या उत्तेजक पोस्ट पर बिना पुष्टि विश्वास न करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेशों से दूर रहने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


























