Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 मई । जहां संवेदनाएं कर्तव्य से जुड़ जाती हैं, वहां पुलिस केवल कानून की रक्षक नहीं बल्कि समाज के भविष्य की निर्माता बन जाती है। इसी भावना को साकार करते हुए हाथरस पुलिस ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनपद हाथरस में शुक्रवार को थाना सिकंद्राराऊ, थाना हाथरस जंक्शन एवं थाना सादाबाद पुलिस टीमों ने स्वप्रेरणा से आर्थिक रूप से कमजोर एवं घुमंतू परिवारों के 21 बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराया। इनमें थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के 5, थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के 8 तथा थाना सादाबाद क्षेत्र के 8 बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा बच्चों को पुस्तकें, कॉपियां, स्कूली ड्रेस एवं अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। बच्चों के चेहरों पर खुशी और अभिभावकों की आंखों में संतोष साफ दिखाई दिया। बच्चों के माता-पिता ने भावुक होकर बताया कि उनकी वर्षों से इच्छा थी कि उनके बच्चे भी पढ़-लिखकर बेहतर भविष्य बनाएं, लेकिन आर्थिक तंगी एवं पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वे बच्चों का दाखिला नहीं करा पा रहे थे। पुलिस की इस मानवीय पहल से परिवारों में खुशी का माहौल है और उन्होंने हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस टीमों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने पुलिस टीमों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं संवेदनशील कार्य करने के लिए प्रेरित किया। हाथरस पुलिस की यह पहल समाज में शिक्षा, संवेदनशीलता और विश्वास की नई अलख जगाने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page