
हाथरस 22 मई । हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र में मंडी समिति के पीछे हाईटेंशन लाइन पर कार्य करते समय संविदा लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय राजन सिंह बघेल निवासी गांव खोरना थाना सासनी के रूप में हुई है, जो प्रगति पुरम विद्युत स्टेशन पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि राजन सिंह बघेल देर रात हाईटेंशन लाइन पर कार्य कर रहे थे, तभी अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। करंट लगने से वह पोल से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सहकर्मियों द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के हाईटेंशन लाइन में करंट छोड़ दिया गया, जिसके कारण उनके भाई की जान चली गई। परिजनों ने मृतक के चार बच्चों में से एक को सरकारी नौकरी और परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में मृतक पक्ष द्वारा कोतवाली हाथरस गेट में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Next News :-विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति-ससुर व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101


























