Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 मई।ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, अभियोजन कार्यों एवं नार्काे कोऑर्डिनेशन सेंटर मैकेनिज्म (NCORD) समिति की बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने तथा भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न होने पाए तथा सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों एवं रक्त का वैज्ञानिक एवं स्वच्छ तरीके से निस्तारण कराया जाए। नमाज केवल मस्जिदों में ही अदा की जाएगी तथा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल एवं डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया। सूअर पालकों को नोटिस जारी कर पशुओं को खुले में न छोड़ने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने सभी थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर शासन की गाइडलाइन से लोगों को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट न किए जाएं। संवेदनशील स्थलों एवं मस्जिदों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा लगातार गश्त की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों को हत्या, अपहरण, बलात्कार एवं अन्य गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए। गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं महिला अपराधों से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई, दूध, घी, तेल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावट पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाने तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, अभियोजन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page