
सादाबाद 21 मई । कस्बे की सुभाष गली में गुरुवार को जलभराव की समस्या सामने आई। नाले की समय पर सफाई न होने और उसमें पॉलिथीन व कचरा फंस जाने के कारण गंदा पानी सड़क पर आ गया। इससे राहगीरों, दुकानदारों और मंदिर जाने वाली महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सादाबाद नगर का लगभग 80 प्रतिशत गंदा पानी सुभाष गली स्थित मुख्य नाले से होकर गुजरता है और आगे नदी में मिलता है। इसके बावजूद, नगर पंचायत द्वारा नालों की नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। सुबह नाला चोक होने से पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ गया, जिससे पूरे इलाके में गंदगी फैल गई। सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर जाने वाले महिला-पुरुषों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे उन्हें सबसे अधिक परेशानी हुई। कई महिलाओं को मजबूरन दूसरे रास्तों का उपयोग करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि अक्सर ऐसी स्थिति बनी रहती है। सुभाष गली का यह मार्ग लगभग एक दर्जन मोहल्लों को जोड़ता है। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर सड़क पर फिसलन की स्थिति बन गई। स्थानीय अधिवक्ता राहुल मित्तल नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा है। उनके अनुसार, नियमित सफाई और नालों की समय पर देखरेख न होने के कारण लोगों को बार-बार परेशानी झेलनी पड़ती है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सुभाष गली के मुख्य नाले की नियमित सफाई कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें बार-बार जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। इस संबंध में, नगर पंचायत के लिपिक विदित यादव ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया है। उन्हें प्रतिदिन ठीक तरह से सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।























