सिकंदराराऊ (हसायन) 21 मई । हसायन क्षेत्र के विद्युत उपखंड चतुर्थ और सलेमपुर विद्युत उपखंड तृतीय के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण इलाकों में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बा हसायन सहित बघराया, नगला अडू, इटरनी, बदनपुर, जगदेवपुर, हैदलपुर, बकायन, भरतपुर, टौंड, सीधामई और पुन्नेर समेत 80 से अधिक गांवों के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब दस दिनों से दिन और रात में बिना किसी तय रोस्टर के बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। रात में बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों की नींद खराब हो रही है और छोटे बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों को उमस और मच्छरों के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए विद्युत आपूर्ति सुचारु कर अनावश्यक कटौती पर रोक लगाई जाए।