Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 21 मई । तकनीकी शिक्षा और उद्योग आधारित कौशल विकास को नई दिशा देने की पहल करते हुए मंगलायतन विश्वविद्यालय ने नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विस कंपनी (नैसकॉम) के आईटी-आईटीईएस सेक्टर स्किल्स काउंसिल के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती तकनीकी, डिजिटल स्किलिंग, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ना है। एमओयू पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव कमांडर मनोज के. (सेवानिवृत्त) तथा एसएससी नैसकॉम की ओर से डिप्टी डायरेक्टर प्रियंका बिष्ट ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा, ट्रेनिंग प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. किशनपाल सिंह भी उपस्थित रहे। कुलसचिव ने बताया कि समझौते के तहत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को फ्यूचर स्किल्स प्राइम प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध विभिन्न डिजिटल एवं उभरती तकनीकी से संबंधित पाठ्यक्रमों का लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग और अन्य आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में स्वयं को दक्ष बना सकेंगे।

नैसकॉम की डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि विद्यार्थियों को नैसकॉम के टैलेंट कनेक्ट पोर्टल के माध्यम से रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। एमओयू के अंतर्गत फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, इंडस्ट्री कनेक्ट, करियर काउंसलिंग, मेगा करियर फेयर तथा उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। विश्वविद्यालय हर वर्ष एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को स्किल अपग्रेडेशन कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास करेगा। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने बताया कि वर्तमान समय में केवल कक्षाओं में प्राप्त शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि नैसकॉम जैसे प्रतिष्ठित संगठन के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की तकनीकी दक्षता प्रदान करेगी और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी। यह समझौता विश्वविद्यालय को उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत सेतु के रूप में स्थापित करेगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने हेतु लगातार नवाचार और उद्योग सहयोग को बढ़ावा दे रहा है। यह एमओयू डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया जैसे राष्ट्रीय अभियानों को भी मजबूती प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page