Hamara Hathras

Latest News

सासनी 20 मई | सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आयरन की गोलियां खिलाई गईं तथा भविष्य के उपयोग के लिए आयरन टैबलेट्स का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए आयरन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयरन शरीर के लिए अत्यंत आवश्यक पोषक तत्व है, जो हीमोग्लोबिन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला वह प्रमुख प्रोटीन है, जो शरीर के विभिन्न अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि शरीर में आयरन की कमी होने पर एनीमिया (रक्तअल्पता) जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसके कारण लगातार थकान, सांस लेने में कठिनाई, कमजोरी तथा एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएं सामने आती हैं, जिससे पढ़ाई और सीखने की क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने बच्चों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित रूप से पोषक आहार लेने की अपील की। विद्यालय में आयोजित इस स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के दौरान समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में अरुण कुमार कौशिक, संजय कुमार, राजीव कुमार, भारत सिंह, प्रियंका, महेंद्र प्रकाश सैनी, मुकेश दिवाकर, हनी वशिष्ठ, शिवम कुशवाहा, सतीश कुमार, यश कुशवाहा और जितेंद्र कुशवाहा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल आयरन की गोलियां उपलब्ध कराई गईं, बल्कि उन्हें संतुलित आहार और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page