Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 मई | इटावा में ईको विंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित गौरैया संरक्षण संगोष्ठी में डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं डॉ. सतना सिंह को पर्यावरण संरक्षण और गौरैया संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गौरैया भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्य डॉ. अजंट सिंह यादव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वन संरक्षक एवं निदेशक लायन सफारी इटावा डॉ. अनिल कुमार पटेल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एच.एल. यादव ने सहभागिता की। डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, जो अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण योद्धा पुरस्कार से सम्मानित हैं, तथा डॉ. सतना सिंह, जिन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त है, को पर्यावरण संरक्षण, गौरैया संवर्धन, वृक्षारोपण, स्वच्छता और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि गौरैया पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए समाज को सक्रिय रूप से आगे आना चाहिए। वहीं डॉ. सतना सिंह ने अपनी स्वरचित कविता का पाठ कर उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं डॉ. सतना सिंह के सम्मानित होने पर क्षेत्र के अनेक शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page