
हाथरस 20 मई। जिलाधिकारी अतुल वत्स Atul Vats ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया का कल अंतिम दिवस है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह महत्वपूर्ण दायित्व है कि वह स्वयं एवं अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर राष्ट्र निर्माण की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक घर बैठे सरलता से अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी स्वयं भर सकते हैं तथा एसई आईडी (SEID) प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक एवं सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक स्व-गणना नहीं की है, वे कल अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए तत्काल अपना ऑनलाइन फॉर्म भरना सुनिश्चित करें तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।


























