हाथरस 19 मई । ग्राम पंचायत चुनाव शीघ्र कराने और प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे प्रधानों को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने कई प्रधानों को उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया।
प्रधान संगठन द्वारा आज लखनऊ में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया। प्रशासन को आशंका थी कि बड़ी संख्या में प्रधान लखनऊ पहुंचकर प्रदर्शन कर सकते हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी क्रम में थाना चंदपा क्षेत्र के गांव परसारा के ग्राम प्रधान एवं अधिवक्ता मनोज सिसोदिया को भी पुलिस ने उनके घर पर ही रहने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों ने सुबह से ही उनके आवास पर निगरानी बनाए रखी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रदेश और राजधानी लखनऊ में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह एहतियाती कदम उठाया गया है। प्रधान संगठन के पदाधिकारियों से अपील की गई कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अपने-अपने घरों पर ही रहें। मनोज सिसोदिया का कहना है कि वे ग्राम पंचायत चुनाव जल्द कराने तथा वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर लामबंद हैं। फिलहाल प्रशासन की सख्ती के चलते वे लखनऊ रवाना नहीं हो सके।























