Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव लहरा में प्राचीन शनि मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर दो पक्षों के बीच शुक्रवार देर रात विवाद हिंसक रूप ले बैठा। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज, मारपीट, पथराव और हवाई फायरिंग की घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

कोतवाली हाथरस गेट के उपनिरीक्षक शिवम शाहू की तहरीर पर 16 नामजद और लगभग 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 की रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि गांव लहरा में ब्राह्मण और खटीक समाज के लोगों के बीच शनि मंदिर में पूजा को लेकर विवाद हो रहा है और फायरिंग भी की जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक पक्ष से दीपेश, नीरज, टीटू, दिनेश, पंकज, दामोदर, शीलेंद्र, गुल्ला, सुनील और कालू उर्फ मुकेश तथा दूसरे पक्ष से मनीष उर्फ मनिया, मनोज, रामकुमार, रूपेंद्र उर्फ रोकी, सुधीर और गीतम सिंह सहित अन्य लोग आमने-सामने थे। दोनों ओर से लाठी-डंडों से मारपीट और पत्थरबाजी की गई, जबकि कुछ लोगों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की। घटना के दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने भय के कारण अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लीं। पुलिस ने मौके से खोखे और पत्थर बरामद किए हैं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गांव में शांति व्यवस्था बहाल की जा सकी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी, पथराव और फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page