हाथरस 18 मई । कोतवाली सदर क्षेत्र में एक व्यक्ति पर हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वायरल वीडियो को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है, ताकि घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















