हाथरस 18 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला चौबे में मंगलवार को दिनदहाड़े 21 वर्षीय युवक पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक प्रेमचंद बाल-बाल बच गया, लेकिन गोली घर के शीशे के दरवाजे में लगने से टूटे कांच की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल प्रेमचंद पुत्र पप्पू निवासी नगला चौबे का कुछ युवकों से हाल ही में विवाद हुआ था। परिजनों के अनुसार इसी रंजिश के चलते मंगलवार दोपहर बाइक सवार आरोपी उसके घर पहुंचे और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए प्रेमचंद घर के अंदर भागा। इस दौरान एक गोली उसकी गर्दन के पास से गुजर गई, जबकि दूसरी गोली मुख्य दरवाजे के शीशे में जा लगी। शीशा टूटने से निकले कांच से वह घायल हो गया। घटना के समय गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के एकत्र होने पर हमलावर बाइक से फरार हो गए। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी तमंचा लोड करते दिखाई दे रहे हैं। घायल को परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। पीड़ित के स्वजन ने पुरानी रंजिश में फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





















