
हाथरस 18 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक को फोन कर मंडी गेट बुलाया गया, जहां चार युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने लाठी-डंडों, लात-घूसों से हमला कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मधुगढ़ी डाकखाने वाली गली निवासी किंजल सैगर ने थाना हाथरस गेट में दी तहरीर में बताया कि वह घर पर खाना खा रहा था, तभी शरद अग्रवाल निवासी खेमका वाली गली, अलीगढ़ रोड का फोन आया। शरद ने उसे मंडी गेट पर बुलाया। जब किंजल वहां पहुंचा तो शरद के साथ सागर निवासी पुराना मील, मोहित गौर निवासी नाई का नगला और कृष्णा चौहान निवासी रमनपुर पहले से मौजूद थे। पीड़ित के अनुसार चारों ने उसे देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना हाथरस गेट पुलिस ने किंजल सैगर की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





















