
हाथरस 18 मई । जिले के सादाबाद क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर एक युवक से 46 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पहले पर्चे बांटकर लोगों को आकर्षित किया और फिर प्रोसेसिंग फीस व इंश्योरेंस के नाम पर रकम वसूल कर ऑफिस बंद कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना हाथरस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना सहपऊ क्षेत्र के मानिकपुर जलेसर रोड निवासी प्रद्युमन दीक्षित ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें ‘श्री गजानन मनी सोल्यूशन’ नामक संस्था का एक पर्चा मिला, जिस पर राया रोड, सादाबाद में कार्यालय होने का दावा किया गया था। लोन की आवश्यकता होने पर उन्होंने पर्चे पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद उन्हें आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लेकर कार्यालय बुलाया गया, जहां उन्होंने अपने पिता के साथ पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज जमा किए। कुछ दिनों बाद दो व्यक्ति उनके घर पहुंचे और पता सत्यापन के नाम पर प्रोसेसिंग फीस तथा बीमा शुल्क मांगा। झांसे में आकर प्रद्युमन ने ऑनलाइन 35,400 रुपये और 1,000 रुपये ट्रांसफर किए, जबकि 9,600 रुपये नकद दे दिए। इस प्रकार कुल 46,000 रुपये आरोपियों को दे दिए गए। ठगों ने आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर लोन उनके खाते में पहुंच जाएगा। जब निर्धारित समय बीतने के बाद लोन नहीं मिला और मोबाइल नंबर बंद हो गए, तो प्रद्युमन कार्यालय पहुंचे। वहां ताला लटका मिला, जिसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर साइबर क्राइम थाना हाथरस में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।





















