सादाबाद 17 मई । दी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए। इसमें अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अध्यक्ष पद पर अनिल दीक्षित और सचिव पद पर अक्षय चौधरी उर्फ हम्भीर सिंह ने जीत दर्ज की। कुल 150 अधिवक्ताओं ने मतदान किया, जिसके बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए अनिल दीक्षित और वीरेंद्र सिंह चौधरी के बीच सीधा मुकाबला था। वहीं, सचिव पद के लिए अक्षय चौधरी, विवेक सारस्वत और नरेंद्र सिंह मैदान में थे। चुनाव अधिकारियों सुरेंद्र पराशर, दिग्विजय सिंह और राकेश कुमार लाल ने मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए। अध्यक्ष पद पर अनिल दीक्षित को 80 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी वीरेंद्र चौधरी को 68 मत प्राप्त हुए। दीक्षित ने 12 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
सचिव पद पर अक्षय चौधरी उर्फ हमबीर सिंह ने 81 मत प्राप्त कर विजय दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी विवेक सारस्वत को 64 मत मिले, जबकि नरेंद्र सिंह को एक मत प्राप्त हुआ। अक्षय चौधरी ने 17 मतों के अंतर से यह पद जीता। चुनाव में एक मत निरस्त भी किया गया। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों और अधिवक्ताओं में उत्साह फैल गया। साथियों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी मनाई। इसके बाद पूरे नगर में गाड़ियों के साथ विजय जुलूस निकाला गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे बार एसोसिएशन के हितों की रक्षा और अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

























