
हाथरस 16 मई। जिले में भीषण गर्मी heat wave का दौर शुरू होने जा रहा है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय Chandra Shekhar Azad University of Agriculture and Technology द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 17 मई से 20 मई 2026 के बीच जनपद में तीव्र लू चलने की प्रबल संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी पांच दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि 16 मई को लगभग 1.0 मिलीमीटर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन इसके बाद वर्षा की कोई विशेष संभावना नहीं है। हवा की गति 19 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे गर्म हवाओं के थपेड़े और अधिक तेज महसूस होंगे। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि खड़ी फसलों और सब्जियों को गर्मी से बचाने के लिए हल्की सिंचाई अवश्य करें, ताकि मिट्टी में पर्याप्त नमी बनी रहे। सिंचाई तथा कीटनाशकों का छिड़काव केवल शाम के समय ही किया जाए, जिससे पौधों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। विशेषज्ञों ने यह भी सुझाव दिया है कि फसलों की कटाई सुबह जल्दी या देर शाम को ही की जाए। किसानों और खेतों में कार्य करने वाले श्रमिकों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच खेतों में काम करने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या गमछे से अवश्य ढकें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। आम उत्पादकों को सलाह दी गई है कि बागों की नियमित सिंचाई जारी रखें, ताकि तेज गर्मी और लू के कारण फलों के गिरने की समस्या कम हो सके। वहीं तैयार सब्जियों जैसे कद्दू, लौकी, खीरा आदि की समय पर तुड़ाई कर उन्हें शीघ्र बाजार भेजने की भी सलाह दी गई है। कृषि विभाग ने किसानों से मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां अपनाने और फसलों की सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक सलाह का पालन करने का आग्रह किया है।


























