सादाबाद 15 मई । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। यह घटना इंडिया कोल्ड स्टोर के निकट तब हुई जब आगरा से सादाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे युवकों की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
घायलों की पहचान आगरा के मोहल्ला बगीची थाना सदर निवासी सोनू पुत्र सुनहरी लाल, राहुल पुत्र पन्नालाल और रोहित पुत्र शिशुपाल के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। दुर्घटना में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। राहुल और रोहित का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही किया गया। घटना के बाद राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है।






















