Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 मई।  सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय की छात्रा शिवा ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवा ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित एनसीईआरटी अध्ययन, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय में द्वितीय स्थान याशिका गौर ने 96 प्रतिशत अंकों के साथ प्राप्त किया। याशिका ने नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और संतुलित तैयारी के माध्यम से यह सफलता हासिल की। अनन्या जैन ने 95.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में तीसरा स्थान हासिल किया। अनन्या ने समय का सही प्रबंधन और निरंतर मेहनत से यह उपलब्धि प्राप्त की। माधव अग्रवाल ने 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में चौथा स्थान प्राप्त किया। माधव ने नियमित रिवीजन, सैंपल पेपर्स की प्रैक्टिस और विषयों की गहरी समझ को अपनी सफलता का आधार बताया। विद्यालय में पांचवां स्थान विभोर अग्रवाल और व्योम मित्तल ने संयुक्त रूप से 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ प्राप्त किया। विभोर ने अनुशासित अध्ययन और लगातार अभ्यास को अपनी सफलता का मुख्य कारण बताया, जबकि व्योम मित्तल ने दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के बल पर यह शानदार उपलब्धि हासिल की।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने सभी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से इंग्लिश, सोशियोलॉजी, पेंटिंग और एप्लाइड मैथ्स जैसे विषयों में कई विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्कूल के सुव्यवस्थित पाठ्यक्रम, नियमित टेस्ट, अतिरिक्त अभ्यास सत्र और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी की कमजोरियों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों के सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने में अहम योगदान दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page