
हाथरस 15 मई। ब्राह्मण महासभा Brahman Mahasabha के अध्यक्ष पंडित योगेन्द्र शर्मा ‘योगा पंडित’ के नेतृत्व में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें समाजवादी पार्टी Samajwadi Party के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में समाज के पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठजनों एवं बुद्धिजीवियों ने कड़ी आपत्ति व्यक्त की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पंडित योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज के प्रति अपमानजनक एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग बढ़ता जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव राष्ट्र निर्माण, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा समाज के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विभिन्न राज्यों के राजनीतिक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी समाज की उपेक्षा दीर्घकाल में उचित परिणाम नहीं देती। ब्राह्मण महासभा के पूर्व अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज शिक्षा, तकनीकी और प्रशासनिक क्षेत्रों में लंबे समय से परिश्रम और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ता रहा है। पूर्व अध्यक्ष मुकेश दीक्षित ने कहा कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता के लिए ब्राह्मण समाज के विरुद्ध अनुचित टिप्पणियां करते हैं, जिसकी समाज निंदा करता है। पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि इतिहास साक्षी है कि ब्राह्मण समाज ने सदैव सर्वसमाज को साथ लेकर देश, धर्म और संस्कृति के उत्थान में योगदान दिया है। अखिल ब्राह्मण सेवा मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष संजीव उपाध्याय ने कहा कि प्रत्येक समाज का अपना विशिष्ट योगदान होता है और किसी भी वर्ग के प्रति अपमानजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है। आशीष उपाध्याय ने संबंधित बयान को संकीर्ण सोच का परिचायक बताते हुए इसकी भर्त्सना की। अजय गौड़ ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपने प्रवक्ताओं के वक्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी दिखानी चाहिए। वक्ताओं ने अखिलेश यादव Akhilesh Yadav से अपेक्षा की कि वे मामले का संज्ञान लें। प्रेस वार्ता में राजेन्द्र नाथ चतुर्वेदी, संजीव उपाध्याय, शम्भूनाथ पुरोहित, आशीष उपाध्याय, करण शर्मा, मयंक शर्मा, प्रशांत कौशिक, नीरज शर्मा, अपूर्व उपाध्याय, श्रीराम अग्निहोत्री, मृगेन्द्र पाठक, जगदीश शर्मा तथा हरीमोहन शर्मा ‘गुरुजी’ सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर अपने विचार व्यक्त किए और संबंधित टिप्पणी के प्रति विरोध दर्ज कराया।


























