
हाथरस 02 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों डॉ. मोहित गर्ग, डॉ. आंचल गोयल एवं डॉ. रीशा वार्ष्णेय को चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, सेवा-भाव और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान संस्था की ओर से कहा गया कि “मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं और रोगी के चेहरे पर मुस्कान लौट आने से बड़ा कोई पुरस्कार नहीं।” इसी भावना के साथ समाज की निस्वार्थ सेवा कर रहे चिकित्सकों का सम्मान कर उनके योगदान को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सम्मानित चिकित्सक अपनी संवेदनशीलता, ईमानदारी, उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं और मानवीय व्यवहार के माध्यम से समाज में विश्वास, आशा और स्वास्थ्य का संचार कर रहे हैं। संस्था का मानना है कि ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट मूल्यों को प्रोत्साहित करने का एक सार्थक प्रयास है। जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज ने सभी सम्मानित चिकित्सकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं से समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर संस्था की चार्टर सदस्य दीप्ति वार्ष्णेय, आई.पी.पी. माधुरी वार्ष्णेय, अध्यक्ष सीमा शर्मा, सचिव नमिता गोयल, कोषाध्यक्ष कुसुम वार्ष्णेय, उपाध्यक्ष ईशा वर्मा, मधुलिका शर्मा सहित संस्था की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।


























