
हाथरस 02 जुलाई। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस डायमंड द्वारा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनुभव वर्मा का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, सेवा-भाव एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक समाज के सच्चे सेवक होते हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा कर मानव जीवन की रक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। उनका समर्पण, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे हमें चिकित्सकों के अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अनुभव वर्मा ने जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस डायमंड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान चिकित्सकों को समाज की और अधिक समर्पित भाव से सेवा करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में ग्रुप की अध्यक्ष प्रभा वार्ष्णेय, सचिव आशु वार्ष्णेय, चार्टर सदस्य पूजा वार्ष्णेय, आई.पी.पी. पूजा वार्ष्णेय, अंजू वार्ष्णेय, रेशू वार्ष्णेय सहित ग्रुप के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


























