Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 मई । उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) पी.एन. दीक्षित की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।  बैठक में 7 मई 2026 से चल रहे स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। स्व-गणना प्रणाली से आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार आएगा और त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहेगी। उन्होंने बताया कि इस माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार और मकान का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बनेगी। बैठक के दौरान CDO ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में स्व-गणना की प्रक्रिया को और अधिक गति प्रदान की जाए। प्रत्येक पात्र परिवार तक इस अभियान की जानकारी पहुँचाना सुनिश्चित करें। ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। तकनीकी सहायता की आवश्यकता वाले नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने बैठक में अभियान की वर्तमान प्रगति और पोर्टल पर प्राप्त आंकड़ों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में इस अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी और नामित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page