Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 12 मई । कोतवाली क्षेत्र के गांव अंडौली के महिला एवं पुरुष मजदूरों ने ठेकेदार पर मजदूरी का भुगतान न करने, गाली-गलौज करने और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला मजदूर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंजू देवी पत्नी आकाश कुमार निवासी ग्राम अंडौली, थाना हसायन ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि ठेकेदार छोटेलाल पुत्र दानसहाय निवासी मोहल्ला जाटवान, हसायन, लवकुश पुत्र नबाब सिंह निवासी मलू का नगला थाना हाथरस जंक्शन तथा जितेंद्र कुमार पुत्र राकेश निवासी केशोंपुर, थाना हाथरस जंक्शन उन्हें और उनके गांव के लगभग 35 महिला एवं पुरुष मजदूरों को आलू की खुदाई के कार्य के लिए अपने साथ ले गए थे। पीड़िता के अनुसार सभी मजदूरों से करीब 25 दिनों तक कार्य कराया गया। जब मजदूरों ने हिसाब मांगा तो उन्हें टाल दिया गया। मजदूरों का कुल 76,000 रुपये बकाया बताया गया है। आरोप है कि जब मजदूर अपने बकाया भुगतान की मांग को लेकर जितेंद्र कुमार के केशोंपुर स्थित घर पहुंचे, तो उसने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें वहां से भगा दिया। इस दौरान मजदूरों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता मंजू देवी ने आरोप लगाया कि मजदूरी मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। मजदूरी का भुगतान न होने से सभी मजदूर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। पुलिस ने महिला मजदूर की लिखित तहरीर के आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page