
हाथरस 12 मई । पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHT) एवं श्रम विभाग हाथरस की संयुक्त टीम ने बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति एवं नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर 4 नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया। यह अभियान 12 मई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस अशोक कुमार के निर्देशन में शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में संचालित किया गया। संयुक्त टीम ने थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत दुकानों, मेडिकल स्टोर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं बाजार क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान विभिन्न दुकानों और अन्य स्थानों पर 4 नाबालिग बच्चे बाल श्रम करते पाए गए। सभी बच्चों को तत्काल रेस्क्यू कर बाल श्रम से मुक्त कराया गया और चिकित्सीय परीक्षण के बाद बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। साथ ही परिजनों को भविष्य में बच्चों से श्रम न कराने तथा उन्हें शिक्षा से जोड़ने के लिए जागरूक किया गया। श्रम विभाग द्वारा संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान आमजन को बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और नशे से बच्चों को दूर रखने तथा उन्हें शिक्षित करने के लिए भी जागरूक किया गया। इस अभियान में एएचटी प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी एवं श्रम विभाग की टीम की सक्रिय भूमिका रही।


























