
हाथरस 12 मई । वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जनपद में सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आवश्यक टेंडर प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप कार्यक्रमों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पुत्रियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है। उन्होंने निर्देशित किया कि योजना का लाभ पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदन पत्रों का सत्यापन निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए तथा प्रत्येक आवेदन की पात्रता का गहन परीक्षण किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी अपात्र व्यक्ति को योजना का लाभ न मिले और कोई भी पात्र लाभार्थी इस योजना से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एक संवेदनशील एवं जनहितकारी योजना है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, जवाबदेही एवं समन्वय के साथ करें। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।


























