
हाथरस 11 मई । गांव नहरोई में पति की हैवानियत सामने आई है। दहेज के लालच में शादी के दो साल बाद ही पत्नी को कपड़ों में घर से निकाल दिया था। आरोपित ने दूसरी शादी कर ली और पत्नी को छोड़ दिया। अब 15 साल बाद घर में अकेला पाकर डंडे से पीटा और रिपोर्ट लिखाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। रेखा देवी पुत्री दुलीचंद निवासी नहरोई ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 13 दिसंबर 2010 को बृजेश पुत्र हरपाल सिंह निवासी बिचौला, थाना इगलास, अलीगढ़ के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के दो साल बाद ही दहेज के लालच में बृजेश ने उसे सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया। रेखा का आरोप है कि बृजेश ने दूसरी शादी कर ली और उसका त्याग कर दिया। उसके कोई बच्चा भी नहीं है। तहरीर के मुताबिक घटना 14 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। उस समय रेखा घर पर अकेली थी। परिवार के लोग खेतों पर काम करने गए थे। अकेला पाकर उसने डंडे से मारपीट शुरू कर दी। गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि अगर रिपोर्ट लिखाई तो जान से मार दूंगा। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए और रेखा को बचाया। लोगों को देखकर बृजेश मौके से भाग गया। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।





















