
हाथरस 11 मई । सिकंदराराऊ के गांव नगला मनी, भिसी मिर्जापुर में भागवत सप्ताह के दौरान लाइट व्यवस्था के लिए पोल गाड़ते समय बड़ा हादसा हो गया। ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से लोहे का पोल टकरा गया। करंट लगने से बिजली व साउंड का काम करने वाले 35 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। मृतक के पिता ने आयोजकों की लापरवाही से मृत्यु होने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिरोजाबाद के गांव भारौल थाना अरांव निवासी राय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा आनेश कुमार बिजली व साउंड का कार्य करता था। 10 मई 2026 को दोपहर एक बजे आनेश गांव नगला मनी में विजयपाल सिंह, सुरजन सिंह व संदीप यादव के यहां चल रहे भागवत सप्ताह में लाइट लगाने आया था। दावत की लाइट व्यवस्था के लिए जुताई किए हुए खेत में लोहे का पोल गाड़ा जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के तार नीचे होने के कारण पोल तार से छू गया। तेज करंट लगने से आनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनेश को विजयपाल, सुरजन सिंह व संदीप यादव जिला अस्पताल एटा लेकर गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता राय सिंह का आरोप है कि सुरजन सिंह, संदीप यादव व विजयपाल सिंह यादव की लापरवाही से उनके बेटे की मृत्यु हुई है। मृतक आनेश का पंचायतनामा व पोस्टमार्टम जिला अस्पताल एटा में कराया जा चुका है। प्रार्थी ने प्रकरण की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।





















