
सादाबाद 11 मई । क्षेत्र के गांव वासदत्ता में खेत में रखी भूसे की बुर्जी में आग लग गई। इस घटना में किसान सत्यप्रकाश को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। किसान ने इसे आगजनी का मामला बताते हुए खेत मालिक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव पट्टी शक्ति निवासी सत्यप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10-11 मई की रात करीब एक बजे उनके पुत्र आकाश और भतीजे पंकज एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गांव वासदत्ता के पास खेत में रखी भूसे की बुर्जी में आग लगी देखी। युवकों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीड़ित किसान सत्यप्रकाश का आरोप है कि जिस खेत में भूसे की बुर्जी रखी थी, वह बटाई पर लिया गया था। उनके अनुसार, कुछ दिन पहले खेत मालिक ने बुर्जी हटाने के लिए कहा था। सत्यप्रकाश ने कुछ दिनों में बुर्जी हटाने का आश्वासन दिया था। किसान ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते आग लगाई गई है। आग लगने से भूसे की बुर्जी पूरी तरह जलकर राख हो गई। किसान ने लगभग 65 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। घटना की सूचना उसी रात डायल 112 पुलिस को दी गई थी। बाद में, पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर खेत मालिक को नामजद करते हुए मामले में तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















