Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 11 मई । शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को नगर में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भूतेश्वर कॉलोनी स्थित मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में क्षत्रिय समाज का उत्साह और देशभक्ति का संगम देखने को मिला। पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल मुस्तैद रहा। शोभायात्रा का शुभारंभ रथ पर सवार महाराणा प्रताप की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुआ। यात्रा में शामिल मनमोहक झांकियां और बैंड-बाजे आकर्षण का केंद्र रहे। सैकड़ों की संख्या में क्षत्रिय युवा सिर पर केसरिया पगड़ी बांधकर और हाथों में तलवार लेकर चल रहे थे, जो महाराणा प्रताप के पराक्रम की याद दिला रहे थे। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। भूतेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर शोभायात्रा जीटी रोड, मोहल्ला नौरंगाबाद, राठी चौराहा, बड़ा बाजार, पुरानी तहसील रोड होते हुए पुनः भूतेश्वर मंदिर पर आकर संपन्न हुई। कार्यक्रम के बीच आयोजकों ने मुख्य अतिथियों का प्रतीक चिन्ह भेंट कर, पगड़ी पहनाकर और माल्यार्पण कर भावभीना स्वागत किया।

इस अवसर पर समाज के वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक ऐसे वीर योद्धा थे जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए समझौता नहीं किया। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराणा प्रताप के जीवन से देशभक्ति और स्वाभिमान की प्रेरणा लें। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महेंद्र सिंह सोलंकी, पीलू भैया, रवि चौहान, निशांत चौहान, जयपाल सिंह चौहान, बबलू सिसोदिया, डॉ. राकेश सेंगर, विजय प्रताप सिंह, विपिन लाल, विशाल राज चौहान, देवा भैया, रानू ठाकुर, रामप्रताप चौहान, सोनू चौहान, अनुज चौहान, मुनी प्रताप सिसोदिया, राजेंद्र परमार, विक्रम चौहान, अभय जादौन, गौरव सिसोदिया और दिलीप सिसोदिया सहित भारी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page