
हाथरस 11 मई । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खान-पान और क्षेत्रीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कानपुर के प्रतिष्ठित 5 स्टार होटल ‘गंगा वैली’ में पहली बार “टेस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के चुनिंदा व्यंजनों को एक मंच पर प्रदर्शित किया गया, जिसमें हाथरस की सुप्रसिद्ध ‘हन्नो लाला रबड़ी’ आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही। ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन व्यंजन’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में हाथरस की सुप्रसिद्ध फर्म हन्नो लाला रबड़ी वाले के प्रोपराइटर हरि मोहन वार्ष्णेय को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं विधानसभा अध्यक्ष सतीश माहना जी ने हाथरस की इस प्रसिद्ध रबड़ी का स्वाद चखा। रबड़ी के बेमिसाल स्वाद से गदगद होकर उन्होंने हरि मोहन वार्ष्णेय की प्रशंसा की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों ने हन्नो लाला की रबड़ी का लुत्फ उठाया। सभी ने एक स्वर में रबड़ी की शुद्धता और उसके पारंपरिक स्वाद की भूरी-भूरी प्रशंसा की। हरि मोहन वार्ष्णेय ने अपनी प्रसिद्ध रबड़ी के माध्यम से न केवल कार्यक्रम में मिठास घोली, बल्कि प्रदेश स्तर के इस बड़े मंच पर हाथरस जनपद का नाम भी गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर जिले के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे हाथरस की गौरवशाली परंपरा की जीत बताया है।























