
हाथरस 11 मई । मेरा युवा भारत हाथरस एवं जिला पूर्ति कार्यालय हाथरस के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में 5 दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (ईएलपी) का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए उन्हें सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी समझ प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं जिला युवा अधिकारी हाथरस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए युवाओ को ’किसान पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्री)’ एवं वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली को विस्तारपूर्वक समझाया गया। उन्होंने बताया कि किसान पंजीकरण से लेकर खाद्यान्न क्रय, भंडारण एवं वितरण तक की संपूर्ण प्रक्रिया किस प्रकार चरणबद्ध ढंग से संचालित होती है।
जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने युवाओं को मेरा भारत पोर्टल पर संचालित विभिन्न अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास के महत्व को रेखांकित किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 7 युवाओं का चयन किया गया है, जिनमें सूरज, सौरभ, अम्बे रावत, रामू दीक्षित, दीपक, संदीप, धर्मवीर शामिल हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सरकारी तंत्र की जमीनी कार्यप्रणाली से परिचित कराना एवं उन्हें व्यवहारिक अनुभव प्रदान करना है। कार्यक्रम की आगामी रूपरेखा- 12 मई 2026 हाथरस मंडी (क्रय केंद्र संचालन का अध्ययन), 13 मई 2026 भारतीय खाद्य निगम हाथरस (भंडारण एवं गोदाम प्रबंधन), 14 मई 2026 उचित दर की दुकान (सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन), 15 मई 2026 समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण। यह कार्यक्रम युवाओं के लिए न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर है, बल्कि उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था को समझने का एक सशक्त माध्यम भी प्रदान करता है।


























