Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 मई । उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘आईजीआरएस जनसुनवाई-समाधान पोर्टल’ की ताजा रैंकिंग में जनपद हाथरस पुलिस ने एक बार फिर सफलता का परचम लहराया है। शासन स्तर पर जारी अप्रैल-2026 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में जनपद हाथरस को पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि हाथरस पुलिस पिछले निरंतर 06 माह से प्रदेश में नंबर-1 की रैंकिंग पर काबिज है, जो पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। विशेष बात यह है कि केवल जिला ही नहीं, बल्कि जनपद के सभी थाने भी शिकायतों के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नंबर-1 पर बने हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी IGRS) रामानन्द कुशवाहा द्वारा सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर किया जाए। एसपी के निर्देशानुसार सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने प्रतिदिन शिकायतों का निस्तारण घटनास्थल पर जाकर किया।पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक निस्तारण की फोटो लोकेशन के साथ मंगवाई गई, जिससे त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित हुआ। आईजीआरएस फीडबैक सेल द्वारा हर शिकायतकर्ता से सीधे संवाद (फोन कॉल या ऑनलाइन) स्थापित कर यह जाना गया कि वे समाधान से संतुष्ट हैं या नहीं। संतोषजनक परिणाम न मिलने पर पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा तुरंत सुधारात्मक कार्यवाही की गई। जिले को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान दिलाने पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पूरी टीम की सराहना की है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी ऊर्जा और गुणवत्ता के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान करने हेतु प्रेरित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page