
सासनी 10 मई । एसबीएस यूनियन स्कूल में मदर्स डे का पर्व बड़े ही भव्य तरीके से मनाया गया, जिसकी शुरुआत कक्षा सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर एवं प्रमुख शिक्षाविद डॉ. विकास सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि माँ के होने से ही हमारा अस्तित्व है, इसलिए हमें हर दिन माता-पिता की आज्ञा का पालन करना चाहिए और उनकी इच्छा के अनुरूप आचरण कर उन्हें आनंदित करना हमारा परम कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान कक्षा तीसरी से छठी तक के छात्रों ने कार्ड एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन किया, वहीं कक्षा नौवीं के छात्रों ने मदर्स डे थीम पर शानदार सॉफ्ट बोर्ड डेकोरेशन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने इस दिवस की महत्ता बताते हुए जानकारी दी कि मदर्स डे मनाने की शुरुआत 1914 में अमेरिका से हुई थी और अब यह हर साल मई के दूसरे रविवार को पूरे विश्व में मनाया जाता है। उन्होंने सभी बच्चों को संस्कारवान बनने और माता-पिता का सम्मान करने की प्रेरणा दी। इस दौरान स्कूल के समस्त शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे।



























