
हाथरस 09 मई । सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में ‘मॉम एंड मी’ कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। मातृत्व के प्रेम, त्याग और समर्पण को समर्पित इस विशेष आयोजन में विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर इसे भावनात्मक, आनंदमय एवं अविस्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बबीता सेठ के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि माँ केवल एक शब्द नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग, समर्पण और निस्वार्थ स्नेह का सबसे पवित्र स्वरूप है। हमारे विद्यालय में आयोजित ‘मॉम एंड मी’ कार्यक्रम मातृशक्ति के सम्मान, उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा माँ-बच्चे के अटूट रिश्ते का उत्सव मनाने का एक सुंदर प्रयास है। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री दिनेश सेकसरिया जी ने अपने संदेश में कहा कि माँ का स्नेह, त्याग और संस्कार ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला हैं। ऐसे आयोजन परिवार और विद्यालय के मध्य आत्मीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाते हैं।
विद्यालय के सचिव गौरंग सेकसरिया जी ने कहा, “माताएँ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। उनका समर्पण अतुलनीय है और उन्हें सम्मानित करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में मनमोहक नृत्य एवं मधुर समूहगान प्रस्तुत कर उपस्थित सभी जनों को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुतियों में माँ के प्रति प्रेम, आदर और कृतज्ञता की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फायरलेस कुकिंग गतिविधि रही, जिसमें माताओं ने अपने बच्चों के लिए बिना अग्नि के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए। इसके अतिरिक्त विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं रोचक गतिविधियों में माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बच्चों के साथ आनंदपूर्ण क्षण साझा किए। समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी माताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्नेह, त्याग एवं समर्पण को नमन किया। ‘मॉम एंड मी’ कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर को ममता, उल्लास और आत्मीयता के अनुपम रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन मध्यम वर्ग की समन्वयक श्रीमती आरती वार्ष्णेय एवं श्री संजीव कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। उनके सुव्यवस्थित प्रबंधन एवं सतत प्रयासों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। विद्यालय के समस्त शिक्षकगण का सहयोग भी अत्यंत सराहनीय रहा, जिसके कारण यह आयोजन अविस्मरणीय बन सका।